- कांग्रेस के कद्दावर नेता के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के साकरा पंचायत अंतर्गत शासन गांव निवासी और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता सुरेश जाना का आज निधन हो गया। उनके देहांत की खबर फैलते ही पूरे बहरागोड़ा प्रखंड सहित राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। स्वर्गीय सुरेश जाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे और उन्होंने वर्षों तक कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य किया। आम जनता की समस्याओं को लेकर वे हमेशा संघर्षरत रहे और जनसेवा को ही अपना धर्म मानते थे।
इसे भी पढ़ें : Potka : धान कटौती और भुगतान में देरी को लेकर कांग्रेस का आक्रोश, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
राजनीतिक व सामाजिक जगत ने जताया गहरा शोक
स्वर्गीय सुरेश जाना की छवि साकरा पंचायत और आसपास के इलाकों में एक मिलनसार, सरल और संघर्षशील नेता के रूप में रही। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। शोक व्यक्त करने वालों का कहना है कि सुरेश जाना का जाना न केवल कांग्रेस पार्टी, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हमेशा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की आवाज बुलंद की। निधन की सूचना मिलते ही शासन गांव स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों और शुभचिंतकों का तांता लग गया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।























