- खराब जल मीनार और चापाकलों की शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड में भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ पेयजल संकट की आशंका गहराने लगी है। इसी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पोटका प्रखंड कमेटी ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में 14वीं और 15वीं वित्त आयोग की राशि से बने सौर ऊर्जा संचालित जल मीनारों के खराब होने पर चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि कई जगहों पर जल मीनार लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के बढ़ते असर के बीच यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बाराद्वारी ओल्ड एज होम में मेडिकल कैंप, बुजुर्गों की हुई स्वास्थ्य जांच
समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ेगी परेशानी
झामुमो नेताओं ने मांग की कि 15वीं वित्त आयोग मद की राशि से इन जल मीनारों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय रहते राहत मिल सके। इसके साथ ही प्रखंड के कई गांवों में खराब पड़े चापाकलों की भी जल्द मरम्मत कराने की जरूरत बताई गई। नेताओं का कहना है कि यदि अभी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो गर्मी के चरम पर स्थिति और भयावह हो सकती है। इस मौके पर विद्यासागर दास, भुगलू टुडू, सुधीर सोरेन समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।























