- लालू यादव ने छह प्रमुख प्रकोष्ठों के लिए नए अध्यक्षों की नियुक्ति कर चुनावी अभियान को दी गति
- तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन का चेहरा, चुनावी फैसलों में निभाएंगे मुख्य भूमिका
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने संगठन को सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने छह प्रमुख प्रकोष्ठों के लिए नए राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। इसमें महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह को, युवा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सांसद अभय कुशवाहा को दी गई है। वहीं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का नेतृत्व अली अशरफ फातमी करेंगे। अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बने पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम, किसान प्रकोष्ठ के लिए सुधाकर सिंह और छात्र प्रकोष्ठ के लिए प्रो. नवल किशोर को नियुक्त किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadogoda : यूरेनियम परियोजना विस्थापन पर फूटा गुस्सा, UCIL की वादाखिलाफी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
RJD में नए सिरे से बनी टीम, हर वर्ग को मिला प्रतिनिधित्व
इन नियुक्तियों के जरिए आरजेडी ने सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति को मजबूत किया है। दलित, आदिवासी, महिला, अल्पसंख्यक, छात्र और किसान समुदाय को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने अपने परंपरागत वोटबैंक को एकजुट करने की कोशिश की है। पार्टी पहले ही यह साफ कर चुकी है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। वे कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष के रूप में चुनावी रणनीति और फैसलों में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।