- डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण सहित कई पदक जीते
- डीएवी चिड़िया में शिक्षा के साथ खेलों को मिल रहा नया आयाम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में डीएवी चिड़िया के छात्र रेहान कच्छप ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और झारखंड एल जोन का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में रेहान कच्छप ने 50 मीटर दूरी की तीरंदाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 30 मीटर दूरी की अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल टीम विनर एवं समूह चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रेहान की इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर डीएवी चिड़िया की एक ऐतिहासिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एसबीआई सोनारी शाखा में जमा 25 लाख होने के बावजूद इलाज के अभाव में सेवानिवृत्त शिक्षिका अंजलि बोस मरणशैय्या पर
राष्ट्रीय तीरंदाजी में डीएवी चिड़िया के छात्र का स्वर्णिम प्रदर्शन
दूसरी ओर, रांची में आयोजित नेशनल खेल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी डीएवी चिड़िया के छात्रों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया। कक्षा नवम के छात्र समीर पूर्ति ने 200 मीटर दौड़ में पंचम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं, कक्षा अष्टम की छात्रा तिलक मुँखी ने शॉट पुट प्रतियोगिता में पंचम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इन सफलताओं से यह स्पष्ट होता है कि डीएवी चिड़िया में खेलों को लेकर निरंतर सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहाँ विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी में प्रखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने किया उद्घाटन
एथलेटिक्स में डीएवी चिड़िया के छात्रों का सराहनीय प्रदर्शन
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिवनारायण सिंह ने रेहान कच्छप की इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय डीएवी झारखंड एल जोन की क्षेत्रीय अधिकारी रेखा कुमारी एवं राष्ट्रीय निदेशक डॉ. वीर सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्था मेधावी, परिश्रमी और लगनशील छात्रों को निखारने में कोई कसर नहीं छोड़ती। प्राचार्य ने स्थानीय शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों—सुमित सेनापति, मौमिता मजुमदार, मुकेश प्रजापति एवं तनमय चटर्जी—के योगदान की भी सराहना की। रांची में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों की अगुआई शिक्षिक जितेंद्र त्रिवेदी ने की। प्राचार्य ने कहा कि डीएवी चिड़िया बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर संकल्पित है।


























