- आयुष्मान भारत योजनाओं की समीक्षा, दवा उपलब्धता और फंड उपयोग पर विशेष जोर
- स्वास्थ्य शिविर और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर बनी सहमति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मानुषमुड़िया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में बुधवार को जन आरोग्य समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य फूलमनी मुर्मू ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा चिकित्सा व्यवस्था में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान आयुष्मान भारत–स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र के तहत दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। साथ ही केंद्र में दवाओं की नियमित उपलब्धता, मरीजों को समय पर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने आम लोगों की जरूरतों के अनुरूप सेवाएं देने पर बल दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर कैरव अपहरणकांड : पुलिस मुठभेड़ में घायल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जन प्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका
बैठक में ‘अनटाइड फंड’ (अप्रतिबंधित निधि) के बेहतर और पारदर्शी उपयोग, मरीजों से मिलने वाले फीडबैक और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा नियमित स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में मुखिया राम मुर्मू, रीता महतो, अनीता महतो, हिमांशु महतो, जयंत घटवारी, सोमाय मुर्मू, मनोज साहा, कमल कांत सिंह, जयदेव दास और गंगा पात्र सहित कई ग्रामीण और समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।


























