- भव्य आयोजन में शिक्षा और उपलब्धियों की झलक, अतिथियों ने किया उत्साहवर्धन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के ईचड़ाशोल स्थित पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) में मंगलवार को विद्यालय का 20वां वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की दो दशकों की शैक्षणिक यात्रा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रम पदाधिकारी अजित बोदरा तथा विशिष्ट अतिथि अंजनी कुमारी, मालती लागुरी, शिल्पा मार्डी और सुमित्रा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें स्कूल की उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी रही, जिससे माहौल उत्सवमय बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में शांति समिति की बैठक, त्योहारों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रतिभाशाली छात्राएं हुईं सम्मानित

वार्षिकोत्सव के मौके पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। झारखंड की लोक संस्कृति, नाटक, भजन और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कस्तूरबा विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के सपनों को साकार करने का मजबूत माध्यम बन रहा है। पीएमश्री योजना के तहत विद्यालय को ‘ग्रीन स्कूल’ के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षा, खेलकूद और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में वार्डन बिनीता बिरुआ, नंदिनी महंती, शिउली प्रधान, एलिना भोल, सोनामनी सोरेन सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।























