- दबंगई और गैर-विधिक चयन के आरोप में हुई कार्रवाई
- ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, नए प्रधान के चयन की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : सांड्रा पंचायत के बड़ाधड़ांरी गांव में आयोजित एक आपात ग्राम सभा में ग्रामीणों ने बड़ा निर्णय लेते हुए ग्राम प्रधान बासेत मुर्मू को पद से हटा दिया। समाजसेवी दुलाल मांडी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान का चयन पंचायत अधिनियम के प्रावधानों के विरुद्ध हुआ था। साथ ही उन पर दबंगई दिखाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप भी लगाए गए। ग्रामीणों ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान विकास कार्य प्रभावित हुए और आम लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ था।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : कोल्हान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, ओडिया भाषा व विकास मुद्दों पर उठाई आवाज
ग्राम सभा में आचरण को लेकर उठे गंभीर सवाल
बैठक में ग्राम प्रधान के आचरण पर भी सवाल उठाए गए। ग्रामीणों ने उन पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता, सामाजिक नियमों की अनदेखी और लोगों को डराने-धमकाने जैसे आरोप लगाए। इन आरोपों से क्षुब्ध होकर ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने का निर्णय लिया। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि जल्द ही नई बैठक बुलाकर विधिवत तरीके से नए ग्राम प्रधान का चयन किया जाएगा। इस दौरान संजय हेंब्रम, विश्वनाथ हेंब्रम, सुकदेव मांडी और कपरा मांडी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और निर्णय का समर्थन किया।























