- स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से की तुरंत मरम्मत की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड के मुटुरखाम पंचायत अंतर्गत मुटुरखाम खाल पर बनी पुलिया की टूटी रेलिंग स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। पुलिया की दोनों ओर की रेलिंग पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। यह पुलिया आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग पैदल व वाहनों से आवागमन करते हैं। रात के अंधेरे या खराब मौसम में पुल के किनारे का अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे किसी भी समय वाहन या व्यक्ति के खाल में गिरने की आशंका बनी रहती है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसिल में ठेका मजदूरों की हड़ताल, आश्रितों को नौकरी की मांग पर उत्पादन ठप
पुल पर बढ़ते खतरे से ग्रामीणों में दहशत, कार्रवाई के अभाव में ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को पुलिया की जर्जर हालत की जानकारी दी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से छात्र, किसान, व्यापारी और रोजमर्रा के यात्री गुजरते हैं, इसलिए टूटी रेलिंग बड़ा जोखिम पैदा कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत नई रेलिंग लगवाने और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत जरूरी है, वरना बड़ा हादसा होने पर प्रशासन जिम्मेदार होगा।


























