- एनएच-49 पर अनियंत्रित बाइक ने मारी टक्कर, हालत नाजुक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-49 स्थित माटिहाना फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। बहुलिया पंचायत के धनाडाही गांव निवासी चंदन खामराई अपनी बाइक से बहरागोड़ा की ओर जा रहे थे, तभी फ्लाईओवर पर अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक को गहरी चोटें आईं और वह मौके पर ही तड़पने लगा। संयोगवश दुर्घटना के समय पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बरसोल की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, बेहतर इलाज के लिए रेफर
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक की मदद की। ग्रामीणों ने तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस को बुलाया, जिससे चंदन खामराई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और परिजन काफी चिंतित हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।























