- हादसे के बाद गांव में शोक, परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : झारखंड के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बनियाकुंदर गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में राजमिस्त्री जादूनाथ सोरेन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जर्जर पुलिया पार करते समय संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है, क्योंकि मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren की सुपुत्री Dukhni Soren पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं और बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Mumbai : संगीत की मल्लिका Asha Bhosle का निधन, शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार
ग्रामीणों में आक्रोश, लंबे समय से पुलिया की मरम्मत की थी मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर पुलिया की स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस लापरवाही का खामियाजा जादूनाथ सोरेन को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं, जिनका भविष्य अब अनिश्चितता में है। मौके पर सामुएल मंडी, चंद्र मोहन हांसदा और गोपीनाथ सोरेन समेत कई लोग मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई, मुआवजा और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।























