- बालू उत्खनन के दौरान मिला विशालकाय लोहे का ढांचा, ग्रामीणों में दहशत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपड़ा घाट पर मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्वर्णरेखा नदी किनारे अवैध बालू उत्खनन के दौरान एक विशालकाय लोहे की वस्तु बरामद हुई। जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ स्थानीय लोग नदी किनारे खुदाई कर रहे थे, तभी उनका फावड़ा किसी ठोस धातु से टकराया। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद कोई पुराना अवशेष या खजाना मिला है, लेकिन जब पूरी वस्तु बाहर निकाली गई तो सभी के होश उड़ गए। यह वस्तु आकार में काफी बड़ी और भारी है तथा इसका स्वरूप किसी बम या मिसाइल जैसा प्रतीत हो रहा है। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : ईचड़ाशोल कस्तूरबा विद्यालय का 20वां वार्षिकोत्सव संपन्न, छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा
द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ी आशंका, विशेषज्ञ टीम का इंतजार
इस रहस्यमयी वस्तु को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का कोई अविस्फोटित बम हो सकता है। दरअसल, बहरागोड़ा और इसके आसपास के क्षेत्र, जैसे चाकुलिया, ऐतिहासिक रूप से सैन्य गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। बुजुर्गों के अनुसार उस समय यहां हवाई अड्डे और गोला-बारूद के भंडारण केंद्र हुआ करते थे। ऐसे में नदी के गर्भ से मिली यह वस्तु कोई साधारण धातु नहीं, बल्कि खतरनाक विस्फोटक भी हो सकती है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मौके पर कोई बम निरोधक दस्ता या विशेषज्ञ टीम नहीं पहुंची थी। प्रशासन से जल्द जांच और सुरक्षा उपायों की मांग की जा रही है।























