- NH-18 पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को कुचला, पत्नी से मिलने से पहले ही टूटा जीवन
- NH-18 पर बढ़ते हादसों से लोगों में नाराजगी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : झारखंड के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) एक बार फिर खून से लाल हो गया, जब गुरुवार दोपहर संतोष होटल के समीप एक भीषण सड़क हादसे में बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त जवान 65 वर्षीय भुगान बास्के की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे अपनी स्कूटी से सड़क पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे जैसे ही कटिंग के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और वे दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल डीएवी पब्लिक स्कूल चिड़िया में वैदिक हवन के साथ नए सत्र 2026-27 का शुभारंभ
तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही जानलेवा
बताया जा रहा है कि गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र के बेनागाड़िया निवासी भुगान बास्के अपने बच्चों के एडमिशन के सिलसिले में बहरागोड़ा जा रहे थे। उनकी पत्नी मुनी बास्के बस से पहले ही निकल चुकी थीं, जबकि वे स्कूटी से पीछे-पीछे आ रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और पत्नी के पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jaggnath : दंतैल हाथी की संदिग्ध मौत से सनसनी, करंट लगने की आशंका
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इधर हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया, लेकिन बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ उसका पीछा किया। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए पड़ोसी बरसोल थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर कार समेत चालक को पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के गांव बेनागाड़िया में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने NH-18 पर बढ़ती दुर्घटनाओं और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर गहरा आक्रोश जताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।























