- शिव चतुर्दशी पर खण्डामौदा में सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे कंबल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के संदेश को आत्मसात करते हुए झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षाड़ंगी ने शिव चतुर्दशी के पावन अवसर पर खण्डामौदा पंचायत के विभिन्न गांवों में सेवा कार्य किया। रविवार को उन्होंने क्षेत्र का सघन दौरा कर सैकड़ों जरूरतमंद और असहाय परिवारों के बीच कंबलों का वितरण किया। ठंड के मौसम में राहत पहुंचाने के इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की। डॉ. षाड़ंगी ने कहा कि मानवता की सेवा ही भगवान शिव की सच्ची आराधना है और समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना हम सभी का कर्तव्य है।
इसे भी पढ़ें : Potka : “मेरा बेटा राम को लौटा दो…” चेन्नई गए युवक के लापता होने से परिवार बेहाल
भक्ति और परोपकार का संगम, ग्रामीणों से किया संवाद
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान डॉ. षाड़ंगी ने श्रद्धाभाव से ग्रामीणों के बीच प्रसाद स्वरूप लड्डू का वितरण भी किया। उन्होंने खण्डामौदा ग्राम के विभिन्न टोलों में पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही बाबा चित्रेश्वर से क्षेत्र की खुशहाली और जनस्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मनोरंजन गिरी, रतिकांत शीट, आकुल बाग, निताई पैड़ा, हुकुम महतो, संजय राणा, मुना दास और रिकी षाड़ंगी सहित कई समाजसेवी एवं स्थानीय प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।























