- दो वर्षों से मरम्मत नहीं होने पर 35 परिवार पानी के लिए भटकने को मजबूर
- पेयजल विभाग से ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जामवनी गांव में सोलर जलमीनार लंबे समय से खराब रहने के कारण भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। गांव के लगभग 35 परिवारों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों शिबशंकर गिरी, सदानंद गिरी, आरती गिरी, साबित्री नाईक, प्रतिमा गिरी, कल्पना गिरी, पारवती नाईक एवं सुमित्रा नाईक ने बताया कि पिछले दो वर्षों से सोलर जलमीनार खराब है, जिससे गांव में पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई है। सरकारी स्तर पर गांव में दो चापानल और एक कुआं मौजूद है, लेकिन चापानलों से नाममात्र का ही पानी निकलता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह में भिक्षा मांग रहे दो संदिग्ध बाबा धराए, पुलिस जांच में जुटी
सोलर जलमीनार खराब होने से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल संकट को लेकर कई बार पंचायत के मुखिया और ग्राम प्रधान से सोलर जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गर्मी के दिनों में लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पाएगा तो विभिन्न गांवों में सोलर जलमीनार निर्माण का क्या लाभ है। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से मांग की है कि समय रहते सोलर जलमीनार की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव में उत्पन्न पेयजल समस्या से निजात मिल सके।























