- बाल्मीकि नगर (कटक) ने सिडू कानु (झाड़ग्राम) को हराकर हासिल किया ₹1.70 लाख का नकद पुरस्कार
- समापन समारोह में युवाओं को खेल के महत्व पर दिया प्रेरक संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड के बांसदा गांव में खेरवाल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को शानदार समापन हुआ। इस टूर्नामेंट में ओडिशा की बाल्मीकि नगर (कटक) की टीम ने खिताबी जीत दर्ज कर नकद पुरस्कार और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 नामी टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला सिडू कानु (झाड़ग्राम) और बाल्मीकि नगर (कटक) के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रही और अंततः मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ। इसमें कटक की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
इसे भी पढ़ें : Gua : आईकुटी गांव में बहारी लोगों द्वारा अंधाधुंध पेड़ों की कटाई, ग्रामीण मर्माहत
बांसदा फुटबॉल फाइनल में रोमांचक मुकाबला, कटक टीम ने दिखाई शानदार खेल क्षमता
समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी और भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन तथा विशिष्ट अतिथि चाकुलिया जिला परिषद सदस्य सुनाराम हांसदा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। विजेता टीम बाल्मीकि नगर (कटक) को ₹1,70,000 और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उप-विजेता सिडू कानु (झाड़ग्राम) को ₹1,00,000 और ट्रॉफी दी गई। बाबूलाल सोरेन ने खिलाड़ियों को अनुशासन और स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और ऊर्जा खेल के मैदान में लगाने की अपील की। इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब सदस्य राहुल हांसदा, उसा मांडी, सोरूप पोईडा, सुनील हेब्रम, बिनय हांसदा और बिस्वाजीत पात्र का विशेष योगदान रहा।























