- जाम्बनी संखाभांगा से कदमडीहा मार्ग पर गड्ढों का जाल, हादसों का खतरा बढ़ा
- जनप्रतिनिधियों के वादों पर उठे सवाल, मरम्मत की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के जाम्बनी संखाभांगा गांव से कदमडीहा गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रही है। वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रही यह सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है और लोगों का चलना भी मुश्किल हो जाता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedur : परसुडीह में बकरी चोरी का खुलासा, सतर्कता से एक आरोपी धराया
गड्ढों में तब्दील सड़क से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्कूली बच्चों को भी कीचड़ और पत्थरों से भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में इस सड़क की सुध नहीं ली जाती। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की मांग की है, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।























