- महीनों से बंद पड़ी जलमीनारों से पेयजल संकट गहराया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की बहूलिया पंचायत अंतर्गत चित्रेश्वर गांव में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। गांव के मंदिर और स्कूल के पास स्थापित दो सोलर जलमीनारें महीनों से खराब पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग बूंद-बूंद पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे लगातार विभाग से समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : छोटा पारुलिया में अखंड हरिनाम संकीर्तन से गूंजा भक्तिमय माहौल
विभाग की कार्यशैली पर सवाल, जल्द समाधान की मांग तेज
विभागीय उदासीनता से नाराज प्रियलाल लेंका, मिहिर लेंका और मृत्युंजय पात्र सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जलमीनार स्थल पर प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुरानी जलमीनारों की मरम्मत करने के बजाय विभाग नए ढांचे बनाने में जुटा है, जबकि कई जगह केवल पुराने चापाकलों में पाइप जोड़कर काम चलाया जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलमीनारों को ठीक नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।























