- कटक में इलाज के दौरान तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम और चीख-पुकार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ‘बाला एंड संस’ कंपनी के समीप 7 अप्रैल को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक ने कटक मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, युवक अपने साथी तारक मुंडा के साथ बहरागोड़ा बाजार गया था और लौटते समय पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पहले बारीपदा और फिर कटक रेफर किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : जंगलमहल में चुनावी हलचल तेज, 11 अप्रैल को ममता बनर्जी की सभा
तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी, गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना ने मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बताया जाता है कि युवक अपने पिता का इकलौता बेटा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक का एक माह का मासूम बेटा है, जो अभी अपने पिता को पहचान भी नहीं पाया था। परिवार के सामने अब आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है, जिससे पूरा गांव भी स्तब्ध है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : खंडामौदा में ‘मां माटखाल बूढ़ी’ की पूजा धूमधाम से संपन्न, उमड़ा जनसैलाब
इकलौते बेटे के जाने से टूटा परिवार
बुधवार को जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन हो गया। सबसे हृदयविदारक दृश्य तब सामने आया जब वृद्ध पिता अपने बेटे के पार्थिव शरीर को टकटकी लगाकर देखते रहे। उनकी खामोशी और पथराई आंखें वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गईं। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन इस अपूरणीय क्षति को भर पाना संभव नहीं है।






















