- केसरिया ध्वज और जय श्रीराम के नारों से भक्तिमय हुआ माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग गया। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई दी, वहीं सड़कों पर विभिन्न अखाड़ों द्वारा निकाली गई शोभायात्राओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खांडामौदा, दारिशोल, पांचरूलिया, जगन्नाथपुर और आडंग समेत कई क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा गया। पूरा इलाका केसरिया ध्वजों से सजा नजर आया और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : सानग्राम में दो दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
शौर्य प्रदर्शन के साथ प्रशासन रहा सतर्क
रामनवमी जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक शौर्य का प्रदर्शन करते हुए तलवार, लाठी और अन्य शस्त्रों के साथ आकर्षक करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में जुटे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जिससे पूरे कार्यक्रम का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। खांडामौदा स्थित श्री जय बजरंगबली अखाड़ा के आयोजन में बीडीओ केशव भारती, आरएसएस के मनोज गिरि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष शिवशंकर माईती, मुखिया पंचानन मुंडा और सचिव निलेश बेरा समेत ग्रामीणों का अहम योगदान रहा।






















