- सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने बिछाई थी आईईडी, क्षेत्र में ऑपरेशन तेज
- नक्सलियों की धरपकड़ के लिए जंगल में व्यापक अभियान, खुफिया इनपुट पर नजर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पश्चिमी सिंहभूम के अति नक्सल प्रभावित सारंडा वन क्षेत्र में शुक्रवार को हुए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह धमाका सर्च ऑपरेशन के दौरान हिंदूकोचा गांव के पास हुआ, जब सुरक्षा बल नक्सलियों की तलाश में जंगल में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान जमीन में दबाकर रखे गए आईईडी पर पैर पड़ते ही विस्फोट हो गया। घायल जवानों को तुरंत जंगल से निकालने की कार्रवाई की गई और बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है। सूत्रों ने बताया कि इस इलाके में पहले भी कई बार सुरक्षाबलों को इसी तरह निशाना बनाया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 16 लाख की चोरी कर फरार ड्राइवर दिल्ली से गिरफ्तार, 10.73 लाख बरामद
हल्के दबाव में फटने वाले आईईडी से बढ़ रहा खतरा, कई जवान हो चुके हैं शिकार
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सारंडा के गहरे जंगलों में भाकपा माओवादी के कई शीर्ष कमांडर सक्रिय हैं। मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन, अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहार, चंदन लोहार, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा जैसे कुख्यात नक्सली दस्तों के साथ क्षेत्र में मौजूद हैं। ये नक्सली आईईडी जैसे विस्फोटकों का इस्तेमाल कर सुरक्षा बलों को लगातार निशाना बना रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और भी तेज कर दिया गया है और नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।


























