- ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल, आय बढ़ाने की दिशा में कदम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड अंतर्गत फूलडूंगरी स्थित पशुपालन कार्यालय में शुक्रवार को बकरा विकास योजना के तहत पशुधन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस योजना के अंतर्गत कुल 10 लाभुकों को 2 बकरा और 8 बकरी प्रदान की गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक हॉर्टिकल्चर ऑफिसर सिंकेश यादव उपस्थित रहे, जिन्होंने योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीणों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे पशुपालन को जिम्मेदारी के साथ अपनाएं और इसे स्थायी आजीविका का साधन बनाएं।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गरीब परिवार का सहारा बना झामुमो, श्राद्ध कार्य के लिए दी आर्थिक मदद
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वितरण, लाभुकों में दिखा उत्साह
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, नगर अध्यक्ष बिकास मजूनदार, जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, मदन दोलाई, मेघराय बेसरा और अंकुर कावरी सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए योजना का सही उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। पशुपालन विभाग के प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






















