- विधायक सोमेश सोरेन ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना को लेकर आज विधानसभा में मुद्दा गूंजा। युवा विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से फुलडुंगरी (NH-33) से झाटीझरना होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक बनने वाली 24.01 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह सड़क भाया बुरूडीह डैम होकर गुजरती है और क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक ने जानकारी दी कि इस परियोजना का भूमि पूजन 13 अक्टूबर 2024 को उनके पिता एवं तत्कालीन मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन द्वारा किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना गंभीर विषय है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : विधायक सोमेश सोरेन के निर्देश पर श्राद्ध कर्म में जरूरतमंद परिवारों को मिली सहायता
परियोजना में देरी से आम लोगों को हो रही परेशानी, जल्द निर्माण की मांग
विधायक सोमेश सोरेन ने सदन के माध्यम से राज्य सरकार से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी। वर्तमान में सड़क के अभाव में स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की जीवनरेखा है, इसलिए सरकार को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।

























