- आम बागान के पास अभद्र व्यवहार से नाराज लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
- लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। घटना साकची के आम बागान के पास की बताई जा रही है, जहां शनिवार को एक युवक महिलाओं को देखकर अभद्र व्यवहार कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उसकी हरकतों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसका विरोध किया। लोगों ने बताया कि यह युवक काफी समय से इलाके में आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे और हरकतें करता था, जिससे महिलाएं असहज महसूस करती थीं। शनिवार को उसकी हरकतें बढ़ने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत साकची थाना पुलिस को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण पर जोर
साकची में महिलाओं से अभद्रता करने वाले युवक को लोगों ने दबोचा
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूरी जानकारी ली। लोगों ने आरोपी की करतूत का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रखा था, जिसे पुलिस को दिखाया गया। वीडियो देखने के बाद पुलिस ने मौके से ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मनीफीट निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उसे अपने साथ साकची थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : धालभूमगढ़ में बाइक के नीचे दबा मिला व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी
वीडियो सबूत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब युवक को पकड़ा गया तो वह अपना मोबाइल छिपाने की कोशिश कर रहा था और अपना नाम-पता बताने से भी बच रहा था। काफी खोजबीन के बाद उसका मोबाइल बरामद किया गया। इसी दौरान उसके घर से फोन आने पर परिजनों से बातचीत कर उसकी पहचान और पता की पुष्टि की गई। लोगों का कहना है कि युवक का मानसिक संतुलन सामान्य लग रहा था, इसलिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से अपील की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।























