- प्रशासन और ग्रामीणों की बैठक में वर्षों से लंबित शैक्षणिक परियोजना पर लगी मुहर
- ग्रामीणों और प्रशासन के सहयोग से शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : बारूनिया के मटियाडीह में पारुलिया पंचायत के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित विद्यालय निर्माण का रास्ता आज साफ हो गया। यह विवाद लगभग 50 वर्ष पुराने दान की जमीन को लेकर चल रहा था, जिसे स्वर्गीय वास्ता मुर्मू ने बच्चों की शिक्षा के लिए अपने गांव में दान किया था। हालांकि बाद में उनके पोते बासता मुर्मू और राजेश मुर्मू ने इस दान को मानने से इंकार कर दिया था, जिससे निर्माण कार्य रोक दिया गया। बीते 6 से 7 महीनों में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि कई प्रयास कर चुके थे, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। आज ग्राम प्रधान यश मार्डी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंचल पदाधिकारी पवन कुमार, थाना प्रभारी अनुज कुमार, सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार, कलिया उरांव और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन मौजूद रहे। बैठक में सभी पक्षों ने गंभीरता से संवाद किया और प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह सरकारी कार्य है और किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची में टाटा लैंड डिपार्ट की मिलीभगत से अवैध निर्माण कार्य जारी
50 वर्षों पुराने दान की जमीन को लेकर प्रशासन ने लिया सख्त रुख

बैठक में अंचल पदाधिकारी और थाना प्रभारी ने बासता मुर्मू एवं राजेश मुर्मू को समझाया कि यह जमीन उनके दादाजी द्वारा गांव के बच्चों की शिक्षा के लिए दान की गई थी और इसे बाधित करना गंभीर कानूनी कार्रवाई की योग्यता रखता है। प्रशासन के निर्देश और सकारात्मक संवाद के बाद दोनों पक्षों ने सहमति जताई और विद्यालय निर्माण कार्य के लिए अपनी अनुमति दे दी। इस निर्णय से लंबे समय से लंबित शैक्षणिक परियोजना को हरी झंडी मिल गई। बैठक में झामुमो के वरिष्ठ नेता हरीश भकत, विक्रम मुर्मू, समीर मुर्मू, गणेश टुडू, वासु सोरेन, विराम मुर्मू, सुनील माहली, महिला नेत्री झानो टुडू और विद्यालय की शिक्षिका लक्ष्मी हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम कारागार का संयुक्त निरीक्षण, बंदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं की हुई समीक्षा
सभी पक्षों की सहमति से विद्यालय निर्माण की राह हुई आसान
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के इस कदम की सराहना की और उम्मीद जताई कि अब जल्द ही विद्यालय निर्माण कार्य शुरू होगा। इस फैसले से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की संभावना बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा कि यह बैठक न केवल विवाद सुलझाने में सफल रही बल्कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया। अब परियोजना के पूरा होने के बाद बारूनिया के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।






















