- हो समाज की सांस्कृतिक और पारंपरिक आस्था में पुनः वापसी, लाल मुर्गे की बलि और जाते-परची से सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
- युवा और ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों में परिवार की पुनः भागीदारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के टोन्टो प्रखंड के मौजा बुंडू स्थित रेंगो टोला में सोंगा केराई का परिवार लगभग दो वर्ष बाद अपनी मूल संस्कृति और प्राकृतिक आस्था में लौट आया। रविवार को 28 वर्षीय सोंगा केराई अपनी पत्नी 25 वर्षीय सोमवारी कुई और पुत्रों 5 वर्षीय सुरेश तथा 2 वर्षीय प्रकाश केराई के साथ ग्रामीण मुंडा और आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हो समाज की परंपरा अपनाई। इस अवसर पर गांव के दियुरी जवान अंगरिया ने लाल मुर्गे की बलि देकर पूजा-पद्धति की शुरुआत की। तत्पश्चात परिवार के सभी सदस्यों का जाते-परची (शुद्धिकरण) किया गया। सामाजिक रूप से ग्रामीणों ने उन्हें फिर से अपने साथ स्वीकार करते हुए हो समाज के रीति-रिवाजों के अनुसार जीवन जीने की अनुमति दी। अब यह परिवार पारंपरिक त्योहारों, जन्म, विवाह और मृत्यु से जुड़े सभी संस्कारों और अनुष्ठानों का पालन करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर में संपत्ति विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
सरना धर्म में लौटने के बाद परिवार को मिला समाजिक स्वीकार
ग्रामीणों के अनुसार, बीमारी ठीक होने के नाम पर करीब दो वर्ष पहले यह परिवार ईसाई धर्म अपनाकर तिम्बरा और दुईया स्थित चर्च में हर रविवार प्रार्थना करने जाता था। हालांकि, धर्म परिवर्तन के बावजूद उनके जीवन में कोई विशेष बदलाव नहीं आया। इसके बाद सोंगा केराई ने सामाजिक स्तर पर विचार कर पुनः अपनी परंपरा में लौटने का निर्णय लिया। आदिवासी हो समाज युवा महासभा द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने समाज में वापसी की इच्छा जताई। महासभा के अनुमंडल सांस्कृतिक सचिव एवं हो भाषा शिक्षक कृष्णा तोपनो के नेतृत्व में परिवार की वापसी का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को जागरूक होने का आह्वान
सामाजिक जागरूकता अभियान ने प्रेरित किया परिवार को
कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने हो समाज की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की महानता पर प्रकाश डाला और युवाओं से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं जगन्नाथपुर अनुमंडल अध्यक्ष बलराम लागुरी ने युवाओं को विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्रामीण मुंडा गुनाराम अंगरिया, सहयोगी मुंडा राजेश पुरती, जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, अनुमंडल कोषाध्यक्ष बाली लागुरी, गालू पुरती, श्रीराम अंगरिया, माधो टोपनो, कालीचरण अंगरिया, साधुचरण अंगरिया, बुढ़नसिंह अंगरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ और परिवार ने समाज में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया।






















