- स्थानीय युवाओं की नियुक्ति में पारदर्शिता न रखने पर मोर्चा ने प्रबंधन को चेतावनी दी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा में सशक्त संयुक्त मोर्चा की ओर से रामनगर स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुकेश लाल ने की। बैठक में गुवा सेल प्रबंधन को पत्र लिखकर बहाली प्रक्रिया में हो रही कथित अनियमितताओं के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। मोर्चा के सदस्यों का आरोप है कि गुवा सेल में कार्यरत ठेकेदार स्थानीय कुशल बेरोजगार युवाओं की नियुक्ति में पारदर्शिता नहीं बरत रहे हैं। चयन प्रक्रिया में अनुचित तरीके और भारी धनराशि के लेन-देन की आशंका जताई गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल बहाली में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, क्षेत्र में बढ़ा उत्साह
स्थानीय यूनियनों की भूमिका और पूर्व सहमति की अनदेखी पर नाराजगी
मोर्चा ने कहा कि गुवा अयस्क खदान से जुड़ी कुछ यूनियनों की संलिप्तता की भी संभावना है। ज्ञात हो कि सशक्त संयुक्त मोर्चा (सीटू, क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ, झारखंड मजदूर यूनियन, भारतीय मजदूर संघ एवं सारंडा युवा बेरोजगार संघ) और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में पहले यह सहमति बनी थी कि स्थानीय योग्य बेरोजगार युवाओं को बहाली में प्राथमिकता दी जाएगी और सभी सक्रिय यूनियनों के सुझावों का सम्मान किया जाएगा। इसके बावजूद वर्तमान बहाली प्रक्रिया में इन सहमतियों की अनदेखी किए जाने पर मोर्चा ने गहरा असंतोष व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Meghahatuburu : मेघाहातुबुरु में यूनियन और सेल प्रबंधन के बीच वार्ता, कई मांगों पर बनी सहमति
पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आंदोलन की चेतावनी
मोर्चा ने प्रबंधन से मांग की कि नियुक्ति प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाई जाए ताकि स्थानीय युवाओं को उनका हक मिल सके। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। साथ ही निविदा रद्द कर पुनः निष्पक्ष प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी उठाई जाएगी। अंत में मोर्चा ने प्रबंधन से अपील की कि इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लें और आवश्यक कार्रवाई करें ताकि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके।






















