- नोवामुंडी प्रखंड में हुई बैठक, आमरण अनशन में शामिल होने का लिया निर्णय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के नोवामुंडी प्रखंड में सहायक अध्यापकों के बीच सरकार की वादाखिलाफी को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। प्रखंड अध्यक्ष सह जिला उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार की अध्यक्षता में आकलन पास एवं प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के सभी सहायक अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे और अपनी लंबित मांगों पर गंभीर चर्चा की गई। शिक्षकों ने कहा कि सरकार द्वारा पूर्व में किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया गया है, जिससे उनमें असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : झारखंड में बांग्ला अकादमी गठन की मांग तेज, 11 अप्रैल से राज्यव्यापी अभियान शुरू
18 अप्रैल को रांची में आमरण अनशन, आंदोलन को तेज करने की तैयारी
बैठक के दौरान प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 18 अप्रैल को सभी सहायक अध्यापक रांची कूच करेंगे। वहां मुख्यमंत्री आवास के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन में शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे। शिक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने एकजुटता के साथ आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प भी लिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : समाजसेवी तारापद षाड़ंगी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, योगदान को किया गया याद
12 अप्रैल को होगी रणनीति बैठक, तैयारियों पर दिया गया जोर
इससे पूर्व 12 अप्रैल को प्रखंड के सभी संकुलों में एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। रांची कूच के लिए वाहन, बैनर और अन्य आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुरुषोत्तम कुमार, राजेश चंद्र महतो, मणिशंकर प्रसाद, राकेश पाठक, बसंत गोप, राजेश गोप, जगबंधु पात्रो, राजू बेहरा, अर्धनी सवैय्या, मधुसूदन पान, शुभनाथ पूर्ति, रजनी नायक, रीता करवा, सुनीता पान, एलिजाबेथ टोप्पो, मोती सिंकू, गीता सीरका, सोमवारी सामंत, वीणा देवी, रिंकू सिंह सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।























