- महिला अधिकार, स्वावलंबन और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने पर दिया गया जोर
- महिलाओं के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और मजदूरों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत देवकी कुमारी द्वारा केक काटकर महिला दिवस मनाने के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला बनकर जन्म लेना ही बड़ी बात नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों को पहचानना और अपने अंदर छिपी शक्ति को उजागर करना ही असली सशक्तिकरण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भीतर क्षमा, दया और सहनशीलता जैसी भावनाएं होनी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
इसे भी पढ़ें : Potka : एकलव्य आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा से वंचित हुआ छात्र, एडमिट कार्ड नहीं आने पर परिजनों में नाराजगी
महिला दिवस पर अधिकारों और सशक्तिकरण पर जोर
देवकी कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज समाज में कई स्थानों पर घरेलू हिंसा के मामले सामने आ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कई बार एक महिला ही दूसरी महिला के साथ अत्याचार में शामिल हो जाती है, जैसे सास-बहू के बीच होने वाले विवाद। ऐसे मामलों को रोकने के लिए महिलाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जागरूक नहीं होंगी, तब तक समाज से अत्याचार और भेदभाव को खत्म करना मुश्किल होगा। इसलिए महिलाओं को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और अपने अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ‘रन फॉर हेल्प’ मैराथन, धनंजय महतो ने हासिल किया पहला स्थान
घरेलू हिंसा के खिलाफ महिलाओं को एकजुट होने की जरूरत
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बाल अधिकार मंच की सलाहकार पदमा केसरी ने भी महिलाओं को संबोधित किया और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता और शिक्षा के माध्यम से ही महिलाओं की स्थिति को मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के कार्यों की भी सराहना की गई, जो महिलाओं के उत्थान और उनके अधिकारों के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारी, मजदूर और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने महिला सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।






















