- जम्बाईबुरू समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य जांच और दवाइयों की सुविधा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित गांव जम्बाईबुरू में 26वीं बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट राजीव रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषभ शेखर ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान जम्बाईबुरू, कलईता और धरनाधरी जैसे सुदूर गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी जांच कराई। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मौके पर ही मुफ्त में वितरित की गईं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा पहाड़ी वन देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर कलश स्थापना संपन्न
ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की
शिविर के दौरान ए/26 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक अमरेश सिंह, राज्य पुलिस के सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का और जम्बाईबुरू गांव के मुंडा जयराम तोरकोद भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। दूरदराज क्षेत्र में इस तरह की स्वास्थ्य सुविधा मिलने से लोगों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल पाता है और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।

























