- जीईएल चर्च में विशेष आराधना, यीशु मसीह के बलिदान को किया याद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र में ईसाई समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को गुड फ्राइडे का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर जीईएल चर्च गुवा में सुबह 8 बजे विशेष गिरजा आराधना का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई पाद्री सुशील कुमार बागे ने की। प्रार्थना सभा के दौरान पवित्र बाइबल से यहुन्ना रचित सुसमाचार का पाठ किया गया। अपने संदेश में पाद्री बागे ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने संपूर्ण मानव जाति को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए स्वयं क्रूस पर बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि गुड फ्राइडे त्याग, प्रेम और क्षमा का प्रतीक है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : चित्रेश्वर में जल संकट से भड़के ग्रामीण, खराब सोलर जलमीनार पर प्रदर्शन
भक्ति गीतों और प्रभु भोज से गूंजा चर्च परिसर
कार्यक्रम के दौरान प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर कहे गए सात वचनों को भक्ति गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इसके साथ ही विशेष प्रभु भोज संस्कार (होली कम्यूनियन) का आयोजन भी संपन्न हुआ। सण्डे स्कूल के बच्चों ने भी भक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। इस अवसर पर चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया। कार्यक्रम में पंचम जोर्ज सोय, मंगल दास पुरती, विक्टर ओड़ेया, हरजीवन कश्यप, नोएल मिंज, जुस बारला, विमल कुजूर, रिकी सुरीन, कुमुद पुरती, ललिता सुरीन, विलचिना तिग्गा, रजनी सुरीन, महिमा कुजुर, विनिता ओड़ेया, मोनिका होरो, आशा हेम्ब्रोम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।























