- झाड़बेड़ा के पास सड़क बंद, रातभर फंसे रहे वाहन
- प्रशासन ने जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने का दिया आश्वासन
- सुबह तक जारी रहा जाम, राहत कार्य जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा-किरीबुरू-सैंडल-मनोहरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर बुधवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। झाड़बेड़ा गांव के समीप एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे करीब सुबह 3 बजे से ही आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, जहां से रोजाना खनन कार्य, माल ढुलाई और स्थानीय लोगों का आवागमन होता है। सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक, बस, निजी वाहन और बाइक सवार घंटों तक फंसे रहे। कई यात्रियों को जरूरी काम के बावजूद बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : घाघीडीह केंद्रीय कारा में बंदियों के लिए कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित
राहत कार्य शुरू, वन विभाग जुटा पेड़ हटाने में
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण रात में ही पेड़ गिर गया था, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका। सुबह होते ही घटना की सूचना संबंधित विभागों को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया। लगातार बारिश के बीच कटाई और सफाई का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मार्ग को पूरी तरह से साफ कर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा। तब तक यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है।























