- 6358 युवाओं को जोड़कर 15 स्थानों पर सक्रिय ‘रक्त सेवा सदस्य’ अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के समाजसेवी Santosh Kumar Panda आज रक्तदान के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर उभरे हैं। उन्होंने ‘रक्त सेवा सदस्य’ नामक समूह की स्थापना कर झारखंड और ओडिशा के 15 स्थानों पर इसे सक्रिय किया है। इस अभियान से अब तक 6358 युवा जुड़ चुके हैं, जो जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। झारखंड के सारंडा, मनोहरपुर, गुवा, बड़ाजामदा, नोआमुंडी, चाईबासा और चक्रधरपुर सहित कई क्षेत्रों में यह समूह सक्रिय है, वहीं ओडिशा के बड़बिल, जोड़ा, चंपुआ, केंदुझर और राउरकेला में भी इसका विस्तार हो चुका है। इस पहल से खासकर रक्त की कमी से जूझ रही माताओं और गंभीर रोगियों को बड़ी राहत मिल रही है।
इसे भी पढ़ें : Gua : विजय-2 खदान बंद होने से सारंडा क्षेत्र में आर्थिक संकट गहराया
मानव सेवा के लिए सम्मानित, गरीबों के बीच उम्मीद की किरण बने संतोष पंडा
समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए Santosh Kumar Panda को Human Rights Council द्वारा सम्मानित भी किया गया है। उन्होंने सारंडा के वन क्षेत्रों में गरीब, असहाय, महिलाओं और बच्चों की सेवा कर समाज में नई उम्मीद जगाई है। कभी शिक्षा का प्रचार-प्रसार तो कभी जरूरतमंदों को भोजन और वस्त्र उपलब्ध कराकर उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की है। विशेष रूप से रक्तदान के क्षेत्र में उनका योगदान उन्हें ‘जीवनदूत’ के रूप में पहचान दिला रहा है। उनके इस समर्पण और सेवा भावना की हर ओर सराहना हो रही है और लोग उन्हें सच्चे जनसेवक के रूप में देख रहे हैं।

























