- गुवा में हुई बैठक में मजदूर हितों की रक्षा को लेकर बनी रणनीति
- एकजुटता से तेज होगा आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के रामनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में रविवार देर शाम संयुक्त यूनियनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), झारखंड मुक्ति मोर्चा यूनियन एवं सप्लाई मजदूर संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) प्रबंधन द्वारा गुवा खदान में एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो मजदूरों के हितों के खिलाफ है और इससे स्थानीय श्रमिकों के रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : Potka : बिना ट्यूशन संगीता सरदार का कमाल, नवोदय विद्यालय में हुआ चयन
मजदूरों के अधिकारों पर मंडराता खतरा
बैठक में मौजूद सभी यूनियनों ने एक स्वर में एमडीओ व्यवस्था का कड़ा विरोध किया और इसे हर हाल में रोकने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन अपने फैसले से पीछे नहीं हटता, तो संयुक्त यूनियन आंदोलन को तेज करेगी और जरूरत पड़ने पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस दौरान मजदूरों से एकजुट रहने और संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया। बैठक में रामा पांडेय, विश्वजीत तांती, पंचम जॉर्ज सोय, विद्याकांत झा, जिप सदस्य देवकी कुमारी, नूतन सुंडी, नाजीर खान समेत कई लोग मौजूद रहे।

























