- रेलवे कॉलोनी और सेवा नगर में महिलाओं ने कलश यात्रा निकालकर विधिवत पूजा-अर्चना की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति के साथ मां मंगला की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केसरी समाज द्वारा गुवा रेलवे स्टेशन कॉलोनी में पूजा का आयोजन किया गया, जबकि गुवा रामनगर स्थित सेवा नगर में करुवा समाज और हरिजन समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से पूजा संपन्न की। पूजा के दौरान महिलाएं माथे पर कलश रखकर ठाकुरा पुल स्थित कारो नदी के तट से रेलवे स्टेशन कॉलोनी स्थित पूजा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकालती हुई पहुंचीं, जहां कलश की विधिवत स्थापना की गई। मान्यता है कि इस प्रकार कलश यात्रा निकालने और पूजा करने से बीमारियां दूर होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां मंगला से परिवार और समाज में सुख-शांति की कामना की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में महावीर जयंती पर शोभायात्रा में सरयू राय ने कराया फलाहार
सेवा नगर में भी कुसुम घाट से कलश यात्रा निकालकर पूजा स्थल तक लाई गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु रास्ते में उल्टा लेटकर आस्था का अनोखा दृश्य प्रस्तुत करते नजर आए, जबकि महिलाएं कलश लेकर उन्हें पार करते हुए आगे बढ़ीं। पूजा समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केसरी समाज के विक्रम केसरी, निखिल केसरी, शत्रुधन केसरी, रंजीत केसरी, नीतीश केसरी, बेहरा पान, मनोज पान तथा करुवा समाज के विशाल करुवा, बासुदेव करुवा, कृष्णा करुवा, मनोहर करुवा, गुरुचरण करुवा, अतुल करुवा, अभिमन्यु करुवा, बीजू करुवा, मनोज करुवा सहित अन्य लोग शामिल थे। इस आयोजन ने समाज में भाईचारे और सामूहिक भक्ति की भावना को और मजबूत किया।






















