- सरस्वती मुर्म बनीं जिला अध्यक्ष, ललिता टोप्पो को मिली सचिव की जिम्मेदारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के भाटीन पंचायत भवन में झारखंड क्रांतिकारी महिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोल्हान प्रमंडलीय महिला कमिटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस नई कमिटी में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष के रूप में भाटीन गांव की सरस्वती मुर्म को चुना गया, जबकि सचिव पद की जिम्मेदारी ललिता टोप्पो को सौंपी गई। इसके अलावा उपाध्यक्ष के रूप में बाजों मुर्मू और लक्ष्मी हेंब्रम, सह सचिव पार्वती हांसदा तथा कोषाध्यक्ष के रूप में आलोवती माझी को चुना गया। यह चुनाव राज्यस्तरीय नेतृत्व की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सरिता कुमारी, उपाध्यक्ष सुतापा सारंगी, सचिव प्रतिभा देवी और मजदूर यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा में गैस संकट गहराया, लकड़ी के चूल्हे पर हो रहीं पार्टियां
महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर रहेगा विशेष फोकस
कार्यक्रम के दौरान महिला समिति की केंद्रीय उपाध्यक्ष सुतापा सारंगी ने कहा कि महिलाओं के विकास में सबसे बड़ी बाधा उनकी सहनशीलता है, जिसे बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समिति गांव-गांव जाकर महिलाओं को संगठित करेगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से संवाद स्थापित करेगी। केंद्रीय महामंत्री कामरेड डीसी गोहाई और संयुक्त सचिव सागर बेसरा ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करने और शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही वनों के उत्पादों के संरक्षण और उससे जुड़े रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
























