- पश्चिमी सिंहभूम में खेत के पास मिला मृत हाथी, वन विभाग जांच में जुटा
- अवैध बिजली कनेक्शन से वन्यजीवों पर बढ़ता खतरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जगनाथपुर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर अनुमंडल अंतर्गत जैतगढ़ थाना क्षेत्र में एक दंतैल (नर) हाथी की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना कोल्हान वन क्षेत्र के मानिकपुर गांव की है, जहां गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों के समीप एक विशाल हाथी को मृत अवस्था में पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने रिनती बेसरा को दी श्रद्धांजलि
जंगल में हाथियों की बढ़ती हलचल से ग्रामीणों में डर
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची और विस्तृत जांच शुरू की गई। नियमानुसार घटनास्थल पर ही हाथी का पोस्टमार्टम करने की तैयारी की गई है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल चिरिया में सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई, अवधेश सिंह और सुखराम को किया गया सम्मानित
वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी जरूरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों का लगातार आवागमन बना रहता है, जिससे फसलों को भारी नुकसान होता है। इससे बचने के लिए कई किसान खेतों के आसपास अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर देते हैं, जो वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित होता है। वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और कहा है कि यदि करंट से मौत की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।























