- शिवानी कुमारी की अचानक मौत से परिवार और इलाके में चिंता का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जुगसलाई के पंछी मोहल्ला स्थित काबली कब्रिस्तान के पास मंगलवार को 17 वर्षीय शिवानी कुमारी (ओदर मुंडा) का शव पेड़ से लटका पाया गया। जानकारी के अनुसार, शिवानी सोमवार शाम बिष्टुपुर स्थित अपने घर से दूध लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौट सकी। परिजनों ने पूरी रात मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मृतका मूल रूप से रांगामाटी की रहने वाली थी और पिता के निधन के बाद चाचा के घर पर रह रही थी। परिवार के अनुसार, शिवानी घर में बच्चों के साथ खेलना और मंदिर की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों में सहयोग करती थी।
इसे भी पढ़ें : Potka : कोवाली थाना में शांति समिति की बैठक, रामनवमी और ईद पर सौहार्द बनाए रखने की अपील
मोबाइल लोकेशन से पता चला जुगसलाई का जंगल क्षेत्र
शिवानी की खोज के लिए परिजनों ने बिष्टुपुर थाना की मदद ली। पुलिस ने उसका मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया, जिससे पता चला कि वह जुगसलाई के जंगल क्षेत्र में थी। रात करीब 12:30 बजे पुलिस और परिजन लोकेशन के आधार पर वहां पहुंचे और तलाश जारी रखी, लेकिन अंधेरे और झाड़ियों के कारण उसे नहीं ढूंढा जा सका। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटके शव की सूचना दी। परिवार ने बताया कि शिवानी को मोबाइल का काफी शौक था और उसके पास महंगा मोबाइल था। हालांकि, उनकी मानसिक स्थिति पर परिवार को संदेह था। यह घटना परिवार के लिए पहेली बन गई कि जो लड़की घर के बगल में दूध लेने गई थी, वह इतनी दूर जंगल तक कैसे पहुंच गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस कर रही मामले की जांच, सभी पहलुओं पर ध्यान
मौके पर मौजूद जुगसलाई थाना के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोमवार शाम वह किसके संपर्क में थी। फिलहाल शव को बिष्टुपुर पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच प्रक्रिया पूरी गंभीरता से जारी है।






















