- डिलीवरी बिना सिलेंडर, एजेंसियों पर गंभीर आरोप; आंदोलन की चेतावनी
- कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी तो होगा उग्र आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। डिमना चौक स्थित ग्रीन इंडेन गैस सर्विस और कंचन दीप गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों पर बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप लगे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के महीनों बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भेज दिया जाता है। जब ग्राहक एजेंसी से संपर्क करने की कोशिश करते हैं तो फोन रिसीव नहीं किया जाता। प्रतिदिन सैकड़ों लोग एजेंसी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करते हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में माँ मंगला उषा पूजा का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
बिना सिलेंडर डिलीवरी मैसेज से उपभोक्ता परेशान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होम डिलीवरी के नाम पर बड़े स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है। डिलीवरी कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं के नाम पर आए सिलेंडर को अधिक कीमत लेकर अन्य लोगों को बेच दिया जाता है। इसके बाद असली उपभोक्ता को एक-दो दिन में गैस देने का झूठा आश्वासन दिया जाता है। मानगो के डिमना रोड और आजाद बस्ती क्षेत्रों से इस तरह की शिकायतें सबसे अधिक सामने आ रही हैं। एजेंसी कार्यालय के बाहर हर दिन उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रहती है, लेकिन कर्मचारियों द्वारा केवल टालमटोल जवाब दिया जाता है। इस स्थिति से आम लोग, खासकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवार, सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Potka : गंगाडीह में अष्टम पहर हरिनाम संकीर्तन का भव्य शुभारंभ, भक्ति में डूबा गांव
डिलीवरी के नाम पर गड़बड़ी, उपभोक्ताओं को झूठे आश्वासन
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने झामुमो नेता उज्ज्वल दास को भी अवगत कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मिलीभगत से बिचौलियों के माध्यम से 2,000 से 3,000 रुपये तक में सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब गैस की किल्लत साफ देखी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो जिला उपायुक्त से शिकायत की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एजेंसी कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। इस मौके पर कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।























