- नगर निगम के जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर सिटीजन फोरम की ओर से आदित्यपुर स्थित मधुबन होटल के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार, उप महापौर अंकुर सिंह तथा सभी वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फोरम के अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन बबलू श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर पूर्व उप महापौर अमित सिंह, रिटायर्ड डीएसपी अरविंद कुमार, सुधीर चौधरी, अंजू कुमारी, बिजेश सिंह, धनंजय गुप्ता, नीतू शर्मा, अवधेश सिंह, बबुआ सिंह, कमलेश कुमार और रुद्र घोष समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जनप्रतिनिधियों से अपेक्षाएं भी साझा की गईं।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईस्टर, श्रद्धा और उत्सव का दिखा अनूठा संगम
फोरम ने सौंपा ज्ञापन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था पर जोर

कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर सिटीजन फोरम ने आदित्यपुर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर महापौर को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सरकारी विद्यालय, इंटर कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थानों की कमी पर चिंता जताई गई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सुधारने और एक पूर्ण विकसित सरकारी अस्पताल की स्थापना की मांग की गई। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंदौर मॉडल अपनाने, घर-घर कचरा संग्रहण और रीसाइक्लिंग व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा नाली और सीवरेज व्यवस्था की बदहाल स्थिति को सुधारने, बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने और शहरी विकास के तहत जयप्रकाश उद्यान के सौंदर्यीकरण की भी मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, जेसीबी से समतलीकरण का आरोप
महापौर ने बस्तियों का किया दौरा, जलापूर्ति योजना की समीक्षा
सम्मान समारोह के बाद महापौर संजय सरदार ने दिन्दली बस्ती और आदित्यपुर बस्ती का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण भी किया। वहीं नगर निगम कार्यालय में मेसर्स जिंदल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आदित्यपुर वृहद जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। महापौर और उप महापौर ने योजना की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर पियूष सिंह और सिटी मैनेजर अजय कुमार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गरीब परिवार के श्राद्ध में आगे आए युवा विधायक सोमेश सोरेन, राशन सामग्री देकर की मदद
जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए नई पहल, 2026 तक लक्ष्य निर्धारित
महापौर संजय सरदार ने बताया कि वर्ष 2018 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी जलापूर्ति योजना को 2021 तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब तक यह अधूरी है। इसे जल्द पूरा करने के लिए उच्च स्तर पर बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। उप महापौर अंकुर सिंह ने बताया कि सीतारामपुर डैम फिल्टर प्लांट में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अंडरग्राउंड केबल बिछाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे खराब मौसम में भी जलापूर्ति बाधित न हो। वहीं मेसर्स जिंदल के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से दिसंबर 2026 तक आदित्यपुर-1 क्षेत्र में पाइपलाइन के जरिए नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।























