- जागरूकता वैन के माध्यम से घायल महिला को समय पर मिली मदद, परिजनों को भी सूचित किया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मैरीन ड्राइव पर सड़क दुर्घटना में जख्मी एक महिला को डालसा द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पीएलवी मोबाईल वैन द्वारा तत्काल टीएमएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। महिला अपने स्कूटी से जा रही थी, तभी सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मारी और वाहन चालक फरार हो गया। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हुई और उसके सर से रक्त बह रहा था। दर्द से कराह रही महिला को किसी ने तुरंत मदद नहीं दी, लेकिन उसी समय डालसा की मोबाईल वैन वहां पहुंची और जख्मी महिला को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच में सुरक्षित रूप से भर्ती कराया। महिला के परिजनों को घटना की जानकारी देकर अस्पताल बुलाया गया, जिससे उन्हें आवश्यक सहायता मिल सकी।
इसे भी पढ़ें : Gua : डॉ. अंबेडकर नर्सरी स्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित, बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन
लोगों को कानून और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
टीएमएच में महिला की भर्ती के बाद डालसा टीम ने मोबाईल वैन के माध्यम से सोनारी, कदमा और अन्य क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को डालसा के कार्यों और उद्देश्य के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा दुर्घटना क्लेम, पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया गया और पंपलेट भी वितरित किए गए। डालसा टीम में पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायशवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो, बालेश्वर दास और सुजय दत्ता शामिल थे, जिन्होंने इस अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षा और जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया।























