- सिदगोड़ा क्षेत्र में जमीन देखने पहुंचे व्यक्ति ने दबंगों पर लगाया अवैध कब्जे का आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। बड़ाबांकी निवासी 38 वर्षीय मलिंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे जब वह अपने दादा बेजो भूमिज की सिदगोड़ा स्थित जमीन पर पहुंचे, तो वहां राज लकड़ा, राजू हेम्ब्रम, विकास हेम्ब्रम समेत कई लोग जेसीबी मशीन से जमीन का समतलीकरण करवा रहे थे। पीड़ित का दावा है कि यह पूरी कार्रवाई अवैध कब्जे की नीयत से की जा रही थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गरीब परिवार के श्राद्ध में आगे आए युवा विधायक सोमेश सोरेन, राशन सामग्री देकर की मदद
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
मलिंदर सिंह के अनुसार, जब उन्होंने मौके पर इस कार्य का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और वहां से चले जाने को कहा। इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि इसी जमीन को लेकर वर्ष 2024 में राज लकड़ा द्वारा एक कथित झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें केस संख्या 3648/2024 के तहत उन्हें, उनके भाई अनिल सिंह और चाचा नटवर सिंह को आरोपी बनाया गया था। हालांकि इस मामले में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल चुकी है और मामला अभी विचाराधीन है। पीड़ित ने सिदगोड़ा थाना प्रभारी को आवेदन देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।























