- बाइक सवार अपराधियों ने कन्हैया यादव पर बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी अचानक पहुंचे और कन्हैया यादव नामक युवक पर कई राउंड गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि उसे तीन से अधिक गोलियां लगी हैं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल कन्हैया को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : ‘बाबा तिलका मांझी’ के जयघोष से गूंजा झरिया मोड़, श्रद्धा और उत्साह से मनी 276वीं जयंती
अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज, पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुधीर चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। कन्हैया यादव नामदाबस्ती ए ब्लॉक, रेल लाइन किनारे हनुमान मंदिर के पास का निवासी है और फल का कारोबार करता है। वह परसुडीह मंडी से अपना व्यवसाय संचालित करता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुछ निवासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।























