- जिला प्रशासन को जानकारी में रखे बिना विवादित जमीन पर हो रहा निर्माण
- भूमि विवाद और अवैध निर्माण पर बढ़ते सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची बसंत टॉकीज रोड में टाटा लैंड डिपार्ट के अधिकारियों की कथित मिलीभगत से अवैध निर्माण कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार, उक्त जमीन पहले उमा अग्रवाल को शॉप-रेसीडेंस के नाम पर टाटा स्टील द्वारा आबंटित की गई थी। बाद में नरेश मेहता ने नोटरी एग्रीमेंट के माध्यम से इसे अवैध रूप से खरीद लिया, जिससे केंद्र और राज्य सरकार को राजस्व की हानि हुई और ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट का उल्लंघन हुआ। इस मामले में टाटा लैंड डिपार्ट के ऑफिस एसोसिएट संजीव कुमार, तसीलदार राजीव कुमार शर्मा और मैनेजर रविशंकर पांडेय के सहयोग की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद तत्कालीन एडीसी ने निर्माण कार्य को रोकने के निर्देश दिए थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम कारागार का संयुक्त निरीक्षण, बंदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं की हुई समीक्षा
प्रशासन की निगरानी में निर्माण कार्य फिर से शुरू
जनवरी 2026 में विवादित जमीन (होल्डिंग नंबर 21) पर नरेश मेहता ने होल्डिंग नंबर 20 का बैनर लगाकर पुनः अवैध निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इस दौरान टाटा लैंड डिपार्ट के ऑफिस एसोसिएट संजीव कुमार, ऑफिस क्लर्क सोमदीप मिश्रा और तसीलदार राजेश कुमार शर्मा ने कथित तौर पर सहायता प्रदान की। इस प्रयास का उद्देश्य जिला प्रशासन को भ्रमित करना बताया जा रहा है। इस संबंध में जेएनएसी अधिकारी कृष्ण कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन फिलहाल उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इस विवाद ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं और भूमि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा कर दिया है।






















