- सोनारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के स्वर्णरखा नदी किनारे सोमवार सुबह एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी में तैरता शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच मानी जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सुभ्र कांति घोष की चतुर्थ पुण्यतिथि पर विद्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि
शव की पहचान के प्रयास में आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क
मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर रही है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो वे नजदीकी थाना में सूचित करें। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही घटना के कारणों और मृतक की पहचान का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।






















