- नियमित वाहन जांच के दौरान स्कूटी से भारी मात्रा में शराब बरामद, एक गिरफ्तार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस अब केवल हेलमेट और सीट बेल्ट जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़कों पर हो रही अवैध गतिविधियों पर भी सख्त नजर रख रही है। मंगलवार दोपहर जुगसलाई रेलवे फाटक गोलचक्कर पर नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी (नंबर: JH 05D/01903) को रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात एएसआई शमशाद आलम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर वाहन को पकड़ लिया। जांच के दौरान चालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया और पूछताछ में उसके मुंह से शराब की तेज गंध महसूस हुई। तलाशी लेने पर स्कूटी से लगभग 70 से 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बोड़ाम की आइसक्रीम फैक्ट्री में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा निवासी रवि कुमार दास के रूप में हुई है, जबकि स्कूटी पर सवार दूसरा व्यक्ति मौके से फरार हो गया। ट्रैफिक थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि नियमित जांच के साथ-साथ पुलिस अवैध गतिविधियों पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आरोपी और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जुगसलाई थाना को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता की सराहना की।






















