- बस स्टैंड गोलचक्कर पर अव्यवस्थित ट्रैफिक बना हादसे का कारण, परिजनों का आक्रोश बढ़ा
- परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड गोलचक्कर के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पहले लाला विश्वकर्मा की मौत हुई थी, वहीं अब इलाज के दौरान उनकी पत्नी नीलम शर्मा ने भी दम तोड़ दिया है। इस दोहरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मृतक लाला विश्वकर्मा पेशे से एलआईसी एजेंट थे और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत, फरार चालक की तलाश तेज
सड़क हादसे में दंपती की मौत से इलाके में शोक की लहर
पत्नी की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में सीतारामडेरा थाना पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और यातायात अव्यवस्था का नतीजा है। बस स्टैंड गोलचक्कर पर अव्यवस्थित ट्रैफिक और सुरक्षा उपायों की कमी ने इस हादसे को जन्म दिया, जिसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


























