- महिला कल्याण समिति, असर संस्था और लॉयंस क्लब के संयुक्त प्रयास से महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाई गई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सुंदरनगर में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महिला कल्याण समिति, असर संस्था और लॉयंस क्लब, जमशेदपुर के संयुक्त सहयोग से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर, स्त्री रोग और जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण एवं उससे उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, समय पर जांच (स्क्रीनिंग) एवं बचाव के उपाय सरल भाषा में समझाए।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल बहाली में अनियमितताओं का आरोप, सशक्त संयुक्त मोर्चा ने जताया विरोध
महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और सजग रहने की सलाह
शिविर में गायनी रोग संबंधी समस्याओं पर खुलकर बातचीत हुई, जिससे महिलाओं को अपनी समस्याएं साझा करने और उनके समाधान जानने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त वायु प्रदूषण के बढ़ते प्रभाव और उससे होने वाली बीमारियों जैसे श्वसन संबंधी समस्याएं और एलर्जी के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रदूषण से बचाव के उपाय, जैसे मास्क का उपयोग, स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने की सलाह दी।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल बहाली में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, क्षेत्र में बढ़ा उत्साह
इंटरएक्टिव सेशन ने बढ़ाई जागरूकता और आत्मविश्वास
शिविर के दौरान एक इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किए। इस सत्र ने जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में आत्मविश्वास भी विकसित किया। कार्यक्रम ने लोगों को न केवल जानकारी दी, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर महिला कल्याण समिति के अध्यक्ष सुस्मृति बासु, सचिव अंजलि बोस, कोषाध्यक्ष संयुक्ता चौधरी, सदस्य पम्पा बरुआ, शोभा मार्डी, वायु वीर अर्पिता सोरेन सहित अन्य सदस्य, प्रखंड उप प्रमुख शिव हांसदा, पंचायत उप मुखिया सीमा मख़र्जी, डीएलएसए, न्याय सदन, पैनल एडवोकेट प्रीति मुर्मू और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रघुवानी उपस्थित रहे।






















