- गश्ती पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, तीन युवक फरार
- फरार युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव सड़क पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार युवकों द्वारा एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की जा रही थी। व्यस्त सड़क पर अचानक हुई इस घटनाक्रम से राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भुईयांडीह के चार युवक मिलकर एक युवक की पिटाई कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही गश्ती पुलिस की नजर घटना पर पड़ी। पुलिस को देखते ही तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। समय पर पुलिस के पहुंचने से स्थिति और बिगड़ने से बच गई।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : बुंडू नगर निकाय चुनाव में JLKM नहीं उतारेगा प्रत्याशी
गश्ती टीम की तत्परता से संभली स्थिति
पकड़े गए युवक की पहचान अविनाश कुमार के रूप में हुई है, जिसे पूछताछ के लिए साकची थाना ले जाया गया है। वहीं मारपीट का शिकार युवक मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया, जिससे उसकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, हालांकि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फरार तीनों युवकों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।























