- पीछा कर रोकी गई संदिग्ध कार, आठ बकरियां बरामद, दो आरोपी फरार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में बकरी चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसमें स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। हितकु निवासी लाल बाबू सिंह की कुछ दिन पहले दो बकरियां चोरी हो गई थीं। उन्होंने घटना के दौरान एक संदिग्ध कार का नंबर नोट कर लिया था। मंगलवार को वही कार दोबारा इलाके में नजर आई, जिसके बाद उन्होंने उसका पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए वे परसुडीह पहुंचे, जहां ट्रैफिक जाम में फंसने के कारण स्थानीय लोगों की मदद से कार को रोक लिया गया। कार में सवार तीन लोगों में से दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पलंग से गिरने पर अधेड़ की मौत, परिवार में पसरा मातम
आठ बकरियों की बरामदगी से संगठित गिरोह की आशंका
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से आठ बकरियां बरामद हुईं, जिससे संगठित चोरी गिरोह की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पकड़े गए आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में लोगों में भय का माहौल था, हालांकि इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने कुछ राहत महसूस की है।























