- शिलदा शहीद दिवस कार्यक्रम में बोले, जंगलमहल में हालात पहले से बेहतर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडे ने रविवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आम लोग बिना डर और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। डीजीपी झाड़ग्राम जिले के शिलदा पुलिस कैंप में आयोजित शहीद दिवस स्मृति कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जंगलमहल क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का जंगलमहल पहले की तुलना में काफी बदल चुका है और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानवता की सेवा ही शिव की सच्ची भक्ति – डॉ. दिनेश षाड़ंगी
2010 के माओवादी हमले को किया याद, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
डीजीपी ने वर्ष 2010 में शिलदा ईएफआर कैंप पर हुए माओवादी हमले को याद करते हुए कहा कि उस समय हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे और सुरक्षा बल समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाए थे। गौरतलब है कि उस हमले में 24 ईएफआर जवान शहीद हुए थे, जिसे क्षेत्र की सबसे बड़ी घटनाओं में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियां उस दौर की तुलना में काफी बेहतर हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। कार्यक्रम में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) विनीत गोयल, एडीजी (सीआईडी) अजय नंदा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा के एसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे।























